गुरुवार, 19 मार्च 2009

अबकी होली और समीर लाल की संगत

इस बार जबलपुर जाने का ख़ुमार अलग रहा. अबकी होली के रंगों में कुछ वायवीय, कुछ शरीरी और कुछ अलौकिक अनुभूतियाँ घुली हुई थीं. संकोच के साथ सूचना दिए देता हूँ कि मेरी पत्नी को और मुझे पुत्ररत्न की प्राप्ति हुई है, वह भी जबलपुर में. संस्कारधानी के मार्बल सिटी अस्पताल में ४ मार्च की दोपहर २ बजकर ५० मिनट पर सामान्य ढंग से यह सब निबट गया (यह वाली जानकारी ज्योतिषी मित्रों के लिए है -):


ऊपर 'संकोच' की बात इसलिए की है कि इसे मेरे बड़े-बुजुर्ग भी पढ़ेंगे, और अपने बाल-बच्चों की अपने मुंह से चर्चा करना मुझे अटपटा लग रहा है. बात दरअसल यह है कि मैंने जबलपुरिया ब्लॉगर संजय तिवारी 'संजू' के ब्लॉग 'संदेशा' पर यह सब पढ़ लिया है, इसलिए अब बता देने में क्या हर्ज़ है?
तो इस बार की होली के उल्लास का यह प्रथम कारण था.

द्वितीय कारण यह रहा कि पुत्रजन्म के ठीक ६ दिन पहले मेरा प्रथम कविता-संग्रह 'पृथ्वी के लिए तो रुको' राधाकृष्ण प्रकाशन, नई दिल्ली से न सिर्फ छपकर आया, बल्कि मेरे हाथ भी लग गया. प्रथम प्रकाशित कृति के स्पर्श का अहसास ही कुछ ऐसा था कि हाथ में लेते ही मन मस्त हो गया.. यह और बात है कि अभी इस संग्रह के बारे में मेरे अधिकाँश मित्रों को भी पता नहीं है, लेकिन यहाँ लिख देने से अब यह राज़ भी राज़ नहीं रह गया.

तृतीय कारण बनी एक घरेलू बारात. सतना जिले के बॉर्डर से पन्ना जिले के बॉर्डर बारात पहुँची. चाचा जी के ज्येष्ठ पुत्र की शादी थी. होली का मूड और माहौल बनाने में इस बारात ने बड़ी भूमिका निभाई. एक तो घर में नई बहू आई, दूजे कई वर्षों बाद मैं गाँव की किसी बारात में शामिल हुआ. बहरहाल इसका वर्णन किसी अन्य अवसर पर किया जाएगा.

लेकिन होली के मेरे उल्लास को फाइनल टच जबलपुर में ही भाई समीर लाल (उड़नतस्तरी) जी ने दिया. फ़ोन पर यह सूचना पाते ही कि मैं इस बार होलिका दहन जबलपुर में कर रहा हूँ, उन्होंने ब्लॉगर दोस्तों के मनस्तापों का दहन करने के लिए संस्कारधानी के होटल सत्य अशोक का एक सुइट बुक कराया और जबलपुर के ' ब्लॉगररत्न' जमा कर लिए. यह जमावट चूंकि 'शॉर्ट नोटिस' पर हुई थी इसलिए कुछ ब्लॉगर उपस्थित नहीं हो सके. इसका मुझे और समीर लाल जी को मलाल है. यह मलाल उन्होंने अगले दिसम्बर में दूर करने का वादा किया है. लेकिन इस जमावट में जो कुछ हुआ उसे 'परमानंद' से कम की संज्ञा नहीं दी जा सकती. इस झटपट मिलनोत्सव में 'नई दुनिया' के कार्टूनिस्ट डूबे जी, विवेक रंजन श्रीवास्तव, सुनील शुक्ल, बवाल हिन्दवी और संजय तिवारी ’संजू’ पधारे. इन सभी ब्लोगरों से ब्लॉग-पाठक पूर्व परिचित हैं.

विवेक रंजन श्रीवास्तव ने इस अवसर पर मुझे अपना द्वितीय किन्तु अद्वितीय व्यंग्य-संग्रह 'कौवा कान ले गया' भेंट कर अनुग्रहीत किया. 'राम भरोसे' उनका प्रथम व्यंग्य-संग्रह है. सुनील शुक्ल जी बिजली विभाग से भले ही सेवा-निवृत्त हो चुके हैं लेकिन उनका कंठ आज भी युवा और सक्रिय है. उन्होंने हेमंत कुमार का 'देखो वो चाँद छुपके करता है क्या इशारे' गाकर समाँ बाँध दिया. बवाल हिन्दवी की खासियत यह है कि वह गद्य को भी गाते हुए काव्य का लुत्फ़ देते हैं. उनकी आवाज़ किसी अज़ीज़ नाजां, इस्माइल आजाद या यूसुफ़ आजाद से कमतर नहीं है. आखिर को वह मशहूर कव्वाल लुकमान के वारिस ठहरे.

संजय तिवारी ’संजू’ ने लगभग पूरे समय हम लोगों की वीडियो फिल्म बनाई और फोटुएं खींचीं. उनका अहसानमंद हूँ कि अपने ब्लॉग में उन्होंने संभली हुई मुद्राओं वाली फोटुएं ही छापी हैं वरना तो कमरे का वातावरण पूर्ण होलीमय हो गया था... और डूबे जी के क्या कहने! हम लोग होली मना रहे थे और डूबे जी चुपके-चुपके अपना काम कर रहे थे. मेरा और समीर लाल जी का एक ऐसा आत्मीय स्केच उन्होंने कागज़ पर उतार दिया जिससे महफ़िल का राज़ लाख छिपाया जाए, छिप नहीं सकेगा. कहने की आवश्यकता नहीं कि डूबे जी अपने काम में सिद्धहस्त हैं.

समीर लाल जी ने अपनी ग़ज़ल सुनाई तो मौके का फायदा उठाते हुए मैंने भी काव्य पाठ कर दिया. मेरा आग्रह है कि इस जमावट की विस्तृत रपट के लिए आप यह लिंक अवश्य पढ़ें. स्केच तथा फोटुएं भी यहीं देखने को मिलेंगी.

मंगलवार, 20 जनवरी 2009

अश्वेत शरीर में श्वेतात्मा है ओबामा!

समारोह के पहले जिस तरह वहाँ के ताकतवर लोगों को प्रस्तुत किया गया वह पूरी दुनिया को धमकाने की अमेरिकी अदा है. जान लेना होगा कि ओबामा के आ जाने से पूंजीवाद और पश्चिमी तथा अमेरिकी साम्राज्यवाद का आधुनिक मुखौटा 'बाज़ारवाद' का चेहरा नहीं बदल जाएगा. ओबामा अश्वेत शरीर में श्वेतात्मा है. भाषण देने और लिखवाने में वह रिपब्लिकन जॉन मकैन से अव्वल रहे. जीत-हार की यही असलियत और अन्तर है. शपथग्रहण के वक्त भी ओबामा का भाषण शानदार रहा. वह अमेरिकी जनता को धोखा दे सकते हैं दुनिया को नहीं. लोगों को मुगालता हो हमें नहीं है


दुनिया और भारत की मजलूम जनता को बधाई हो! अश्वेत अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का शपथग्रहण समारोह संपन्न हो गया है. टीवी चैनलों के माइकों के जरिए ऊह-कू और ऊह-पू की समवेत ध्वनियाँ सारी दुनिया में नाद कर रही हैं. करीब ७५० करोड़ डॉलर इस समारोह में ख़र्च किए गए है; आख़िर किसलिए? क्या यह दिखाने के लिए कि हमारे यहाँ मंदी है लेकिन हम अब भी पैसा पानी की तरह बहा सकते हैं! आख़िर यह जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा नहीं तो क्या अमेरिकी माफिया का धन है? मैं अर्थशास्त्री तो नहीं लेकिन मुझे मंदी की इस चाल में भी अमेरिका की कोई गहरी राजनीति लगती है. अमेरिकी जनता का एक हिस्सा तो इसी पर लट्टू है कि एक अश्वेत व्यक्ति अमेरिका का राष्ट्रपति बन गया. हमें भी इस ख़बर से ख़ास नुकसान नहीं है लेकिन आप तक वे खबरें कभी नहीं आने दी जाएँगी कि प्रतिरोध की अमेरिकी आवाजें ओबामा के बारे में क्या सोचती-समझती और कहती रही हैं! माफ़ कीजिएगा, वहाँ भारतीय मीडिया की तरह भूसा-खाता नहीं है!


'चेंज' के आवाहन पर जीत कर आने वाले ओबामा ने कभी यह नहीं कहा कि वह मेहनतकशों का जीवन सुधारेंगे अथवा अमेरिका के सदियों से दबे-कुचले अश्वेत लोगों को नौकरियों में प्राथमिकता देंगे या दुनिया के मजलूमों के लिए कोई वैश्विक अर्थनीति प्रस्तुत करेंगे. अलबत्ता उन्होंने एक असंतुष्ट अमेरिकी वर्ग को यह समझाकर कि बेरोजगारी दूर करने के लिए आउटसोर्सिंग बंद कर देंगे, एक झांसा दिया है. पाक के ख़िलाफ़ एक सांकेतिक बयान देकर भारतीय मूल के मतदाताओं की भावनाओं से खिलवाड़ किया. यह भी समझ लेना चाहिए कि माइकल या जेनेट जैक्सन तथा हॉलीवुड में चंद अश्वेतों की सफलताओं से अमेरिका के अश्वेतों के बारे में कोई राय बना लेना भ्रामक होगा.

बहरहाल, जिस तरह शपथग्रहण से पहले जिन जीवित पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपतियों जिमी कार्टर, सीनियर बुश तथा बिल क्लिंटन और अब जूनियर बुश को भी मिला लें तो, अमेरिकी जनता और टीवी-इन्टरनेट के जरिए पूरी दुनिया के सामने पेश किया गया उनके काले कारनामे सिर्फ़ एशिया महाद्वीप में ही नहीं बल्कि दुनिया के हर द्वीप में दर्ज़ हैं. अखबारों में छपने के बाद सीएनएन और बीबीसी तथा चंद भारतीय न्यूज चैनलों के एंकर यह इतिहास बताना नहीं भूले कि कैपिटल हिल तथा व्हाइट हाउस अश्वेत दासों की मेहनत से बने थे और आज कैसा महान क्षण आया है कि एक अश्वेत उसी कैपिटल हिल में शपथ लेगा तथा उसी व्हाइट हाउस में निवास करते हुए दुनिया का भाग्य विधाता बनेगा


लेकिन इनसे काफी पहले के अमेरिकी राष्ट्रपतियों की करतूतों पर नजर डालने वाला यह आलेख मैने काफी अहले 'आज़ाद लब' में प्रस्तुत किया था. आज फिर दे रहा हूँ. लेकिन उससे पहले एक बात- अगर ओबामा का भाषण-लेखक आधुनिक हिन्दी कविता पढ़ लेता तो उसे अधिक मेहनत नहीं करनी पड़ती. उनमें कहीं ज़्यादा उथली, करिश्माई और हवाई बातें होती हैं. एक बात और, जब वो बुजुर्ग पादरी ओबामा के लिए ईशप्रार्थना करते हुए कैपिटल हिल पर लगभग रो रहा था तब मुझे कामू के उपन्यास 'ला स्ट्रेंजर' के उस पादरी की याद आ गयी जो नायक को मृत्यु की सज़ा पा जाने के बाद जेल की कोठरी में ईश्वर पर भरोसा दिलाने के लिए आया करता था.) अब कृपया वह लेख पढ़िए जिसका सम्बन्ध पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपतियों से है. लिंक ये रहा-

'आज़ाद लब'

धन्यवाद!

शनिवार, 17 जनवरी 2009

देख के दिल कै जाँ से उठ रहेला है?

कई बातें कह दूँगा! अव्वल तो कबाड़खाना में शिरीष जी की प्रस्तुत पोस्ट का ये शेर-

कहते हो न देंगे हम दिल अगर पड़ा पाया
दिल कहां कि गुम कीजे, हमने मुद्दआ पाया

खालिस रोमांटिक शेर है. लेकिन दिक्कत यह है कि गालिब इतना चतुर था कि एक तीर से हज़ार शिकार किया करता था. ग़ालिब उपर्युक्त शेर में भी मोहब्बत की इन्तेहाँ पर है. जैसे कि तब, जब वह यह कहता है-

जहाँ तेरा नक्श-ए-क़दम देखते हैं,
खयाबाँ-खयाबाँ इरम देखते है.

अब रामनाथ सुमन जी के बयान की बात. मैं उनके बखान से इत्तेफ़ाक़ नहीं रखता. क्योंकि ग़ालिब का इस शेर में कहने का मतलब वह नहीं है जो सुमन जी तजवीज करते हैं. ग़ालिब महबूबा के लिए अपना दिल खोल कर दिखाने से सम्बंधित दसियों अश'आर में अलग-अलग तरीकों से कहता आया है.

बहरहाल, शिरीष के 'कबाड़खाना' में ऊपर दिए गए शेर में दरअसल ग़ालिब कह रहा है कि दिल अब मेरे पास है ही कहाँ कि उसके गुल होने का ग़म किया जा सके. यानी वह तो महबूबा के पास पहले से है. लेकिन ऐसे अधिकांश मामलों में ग़ालिब के अश'आर से यह जाहिर होता है कि वह अपनी तरफ़ से यह मान कर चलता है कि महबूबा बेवफ़ा है. यह ग़ालिब की सबसे बड़ी कमजोरी लगती है! आप दीवान-ए-ग़ालिब तलाश लीजिए. इन मामलों में वह महबूबा का उजला पक्ष सामने नहीं रखता. कोई दानिश्वर अगर मेरी इस कमअकली को दुरुस्त कर दे तो मैं सुकून पाऊँ.

'हमने मुद्द'आ पाया' कहकर वह तंज़ कर रहा है कि महबूबा को मालूम है कि दिल उसके ही पास है लेकिन संगदिल कितनी सरकश है कि गोया मेरी मोहब्बत के उस उरूज को, जिसमें मैंने यहाँ तक कह दिया कि 'जाहिर हुआ के दाग़ का सरमाया दूद था' , यह बात उड़ाकर कि महबूबा ने यकीनन दिल पड़ा पाया है, वैसी ही हरकत की है जैसी पत्थरदिल सनम किया करते हैं. हालांकि ग़ालिब के मन में कहीं हिकारत का भाव नहीं है. यह कमाल है! लेकिन ग़ालिब ऐसा क्यों करता था यह पहले इतिहासकारों और मनोवैज्ञानिकों को अध्ययन करना चाहिए.

Please note- (यह संपादित पोस्ट है. पिछली पोस्ट में कई चीज़ें गड्डमड्ड हो गयी थीं).

गुरुवार, 15 जनवरी 2009

महिलाओं की सच्ची की जय हो!

यह न समझिए कि महिलाओं की कोई जय-पराजय झूठ-मूठ हो सकती है. इससे ज्यादा अहंवादी पुरुषों के परनाले आज भी खुले हुए हैं. अनेक उदाहरण दिए जा सकते हैं. तथाकथित 'नारी आन्दोलन' एक अलग तरह की व्यवस्था है. लोग इसे माने या न माने लेकिन एक अद्भुत प्यार मोहल्‍ला में माताओं-बहनों का देखा गया है! मुगालता ये हो सकता है कि मैंने एक विषय उठाया. टिप्पणियाँ वहाँ पहले पहल कमाल की आयीं! लेकिन इससे ये भी जाहिर होता है कि ब्लॉग जगत की महत्वपूर्ण महिलाएँ सिर्फ़ और सिर्फ़ परीपैकर बनकर नहीं रहना चाहतीं. वे साफ-सुथरा विचार-विमर्श चाहती हैं.
उनकी इस पहल का शुक्रिया!

...और जी पहले पहल माताओं-बहनों की इतनी टिप्पणियाँ किसी मोहल्ले में हो जाएँ तो ये समझना चाइये कि वे कुछ सार्थक चाहती हैं. वरना तो जी झाड़ू आन्दोलन चलेगा!


चंद शुरुआती प्रतिक्रियाएँ देखिए-

Nirmla Kapila said...
aapane bilkul sahi aavaaj uthaai hai main aapse poori tarah sehmat hoon

January 15, 2009 4:14 PM


Mired Mirage said...
यदि लोग इनके समाचारों में साहित्य के बारे में सुनते सुनते साहित्य में रुचि लेने लग गए तो फिर टी वी से चिपके कैसे रह पाएँगे?

January 15, 2009 4:26 PM


Dipti said...
मुझे नहीं लगता कि ये हालत महज न्यूज़ चैनलों की हैं। कई ऐसे न्यूज़ पेपर भी इस लिस्ट में शामिल हैं जो पहले तो व्यंग या कहानी का कॉलम निकालते हैं, लेकिन कुछ दिनों में ही उसकी जगह भविष्य और व्यक्तिगत समस्याओं का कॉलम शुरु कर देते हैं। ये सब टीआरपी का खेल है और कुछ नहीं...

January 15, 2009 5:40 PM


sareetha said...
भारतीय संस्क्रति को तहस नहस करने की साज़िश है । देश का साहित्य कहीं ना कहीं देशी महक लिए होगा , जो संभव है उपभोक्तावाद के खिलाफ़ जाए । बाज़ार इसकी इजाज़त नहीं देता ।

शुक्रवार, 9 जनवरी 2009

हम ने यह माना, कि दिल्ली में रहें खाएंगे क्या

उर्दू में व्यंग्य का उद्गम तलाशने की सलाहियत मुझमें नहीं है. लेकिन शायरी में व्यंग्य की छटा मीर, ज़ौक, ग़ालिब, सौदा, मोमिन जैसे पुरानी पीढ़ी के शायरों ने जगह-जगह बिखेरी है. मुझे ग़ालिब की एक पूरी की पूरी ग़ज़ल ध्यान में आती है जिसका हर शेर करुणा, आत्मदया और व्यंग्य के उत्कृष्ट स्वरूप में मौजूद है. आप भी गौर फ़रमाइए-



दोस्त ग़मख्वारी में मेरी, स'इ फ़रमाएंगे क्या
ज़ख्म के भरने तलक, नाखुन न बढ़ जाएंगे क्या

बेनियाज़ी हद से गुज़री, बंद: परवर कब तलक
हम कहेंगे हाल-ए-दिल और आप फ़रमाएंगे क्या

हज़रत-ए-नासेह गर आएं, दीद:-ओ-दिल फ़र्श-ए-राह
कोई मुझको यह तो समझा दो, कि समझाएँगे क्या

आज वाँ तेग़-ओ-कफ़न बांधे हुए जाता हूँ मैं
'उज़्र मेरा क़त्ल करने में वह अब लाएंगे क्या

गर किया नासेह ने हमको क़ैद, अच्छा यूँ सही
ये जुनून-ए-इश्क़ के अंदाज़ छुट जायेंगे क्या

खान: ज़ाद-ए-ज़ुल्फ़ हैं, ज़ंजीर से भागेंगे क्यों
हैं गिरफ़्तार-ए-वफ़ा, ज़िन्दाँ से घबराएँगे क्या

है अब इस मा'मूरे में केह्त-ए-ग़म-ए-उल्फ़त, असद
हम ने यह माना, कि दिल्ली में रहें खाएंगे क्या

गुरुवार, 25 दिसंबर 2008

सुनो...सुनो...सुनो... इरफ़ान भाई के चंद गंदे गाने!

प्रिय मित्रो, चूंकि इस पोस्ट का उद्देश्य पूरा हो चुका है इसलिए इसे यहाँ से हटाया जा रहा है- ब्लॉग ओनर

गुरुवार, 18 दिसंबर 2008

रोशन-ख़याली की मिसाल थे बहादुरशाह ज़फ़र

'१८५७ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी और बहादुरशाह ज़फ़र' पुस्तक का जिक्र मैंने इसी ब्लॉग में पिछले दिनों किया था, उसकी भूमिका है यह. पुस्तक के संकलनकर्ता-संयोजक और लेखक डॉक्टर विद्यासागर आनंद ने इसे लिखा है. इस भूमिका की यह आख़िरी कड़ी है- विजयशंकर चतुर्वेदी)


(पिछली कड़ी से जारी)

...यह एक अजीब पर इतिहास का विषम तथ्य है कि जिस प्रतापमयी व्यक्तित्व ने अपना देश स्वतन्त्र करने के लिए संघर्ष किया उसकी लाश यथासमय एक विदेशी धरती में दफ़न है. हम और इस पुस्तक में लिखने वाले सभी लोग भारत सरकार से मांग करते हैं कि भारतीय स्वतंत्रता-संग्राम में भाग लेने वाले जियाले सपूतों के महानायक तथा सम्मान योग्य भारतीय सपूत के साथ न्याय किया जाए और उनकी लाश को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक देश में लाकर दफ़न किया जाए. यह व्यक्तित्व निस्संदेह ही भारत के लिए गौरव का स्रोत है और स्वतन्त्र भारत को इसका आभारी और शुक्रगुज़ार होना चाहिए.

सन् १८५७ की याद में आयोजित किए गए एक सौ पचास वर्षीय समारोह के अवसर पर उर्दू के सुप्रसिद्ध शायर गुलज़ार ने लाल क़िला परिसर में हमारे मनोभाव का सीधा-सच्चा प्रतिनिधित्व करते हुए सरकार की ओर से आयोजित इस समारोह में यह इच्छा प्रकट की थी कि बहादुरशाह ज़फ़र की लाश को वापस दिल्ली लाया जाए. भारतीय राष्ट्र के विभिन्न चिंतन-समूह के प्रतिनिधियों ने उनके विचारों की खुले मन-मस्तिष्क से प्रशंसा व सराहना की. खेद का विषय है कि इस बड़ी ऐतिहासिक ग़लती के सुधार के लिए कोई क़दम नहीं उठाया गया.

आने वाली पीढियाँ इस बात का निर्णय करती हैं कि राष्ट्र अपने शहीदों के प्रति किस प्रकार का बर्ताव करता है. इस पृष्ठभूमि में देखा जाए तो लगता है कि भारतीय जनता बहादुरशाह ज़फ़र की लाश को भारत लाकर इस धरती में दफ़न करना चाहती है तथा उनके मज़ार पर उचित 'कत्बा' लगाना चाहती है परन्तु भारत के सत्ताधारी लोग इस 'जनमत' को महत्त्व नहीं दे रहे हैं

बहादुरशाह ज़फ़र हिन्दी, उर्दू, फ़ारसी और पंजाबी भाषाएँ धारा-प्रवाह बोलते थे. उन्होंने इन भाषाओं में अनेक नज़्में, ग़ज़लें कही हैं. इनमें उन्होंने धार्मिक सहिष्णुता का प्रबल शब्दों में समर्थन किया है तथा धार्मिक उन्माद, कट्टरता, घृणा और असहिष्णुता की खुली भर्त्सना व निंदा की है. आज भारत को ऐसे लोगों की बड़ी आवश्यकता है जो बहादुरशाह ज़फ़र जैसी सोच, व्यापक-हृदयता, सच्चाई और रोशन-ख़याली के प्रतीक हों. मौजूदा हालात में, जब धार्मिक कट्टरता से वातावरण दूषित किया जा रहा है बहादुरशाह ज़फ़र के व्यक्तित्व और कटिबद्धता से सहनशीलता के प्रचार-प्रसार की बड़ी आवश्यकता है.

मेरे पास शब्द नहीं और मेरी समझ में नहीं आ रहा है कि मैं उन सब महानुभावों को कैसे धन्यवाद दूँ जिन्होंने इस पुस्तक के लिए अपने बहुमूल्य समय में से वक़्त निकालकर हमारे निवेदन पर लेख लिखे और अपने सुझाव भी दिए, मेरी सहायता की और साहस बढ़ाया.

साहिर शीवी और सैयद मैराज जामी की पत्रिका 'सफ़ीरे उर्दू' के द्वारा हमें बहुत से लेख प्राप्त हुए. 'सफ़ीरे उर्दू' का बहादुर शाह ज़फ़र विशेषांक मेरे ही निवेदन पर प्रकाशित किया गया था. बारह वर्ष पूर्व मोइनुद्दीन शाह साहब (मरहूम) ने अपनी पत्रिका 'उर्दू अदब' का बहादुरशाह ज़फ़र विशेषांक प्रकाशित कर ज़फ़र को श्रद्धांजलि दी थी. इस पुस्तक में कुछ लेख उल्लिखित विशेषांक से भी लिए गए हैं. अंत में उर्दू के विश्वसनीय लेखक व प्रकाशक 'खादिम-ए-उर्दू' (उर्दू-सेवक) प्रेमगोपाल मित्तल साहब की सेवाओं को भी नहीं भुलाया जा सकता जिन्होंने प्रस्तुत पुस्तक की साज-सज्जा में अपना बहुमूल्य समय लगाया.(समाप्त)

-डॉक्टर विद्यासागर आनंद

पुस्तक: '१८५७ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी और बहादुरशाह ज़फ़र', सम्पादक: डॉक्टर विद्यासागर आनंद, प्रकाशक: माडर्न पब्लिशिंग हाउस, ९ गोला मार्केट, दरियागंज, नई दिल्ली-११०००२. पृष्ठ ५७६, मूल्य ६०० रूपए.

मेरी नई ग़ज़ल

 प्यारे दोस्तो, बुजुर्ग कह गए हैं कि हमेशा ग़ुस्से और आक्रोश में भरे रहना सेहत के लिए ठीक नहीं होता। इसीलिए आज पेश कर रहा हूं अपनी एक रोमांटि...