शुक्रवार, 12 सितंबर 2008

स्मृति शेष: हिन्दी का क्रान्तिधर्मी कवि वेणु गोपाल

कागज़नगर में हम तीनों रोज़ ही शाम को मिलते. लेकिन रविवारों को हम सारा दिन साथ रहते. वेणु और तेज को एक कमरे का छोटा-सा मकान स्कूल की ओर से मिला हुआ था. वेणु मुझे रविवार को ख़ास आमंत्रित करता-- 'सुबह दस-ग्यारह बजे आ जाना'. मैं पहुंचता. मैं और वेणु गप्पों में लगते, तेज खाना पकाने में जुटता. गप्पों में कविता होती, कवि-यार-दोस्त होते. पुरानी फिल्मों के गीत होते. मैं गाता और वेणु एक घड़े को उलटा करके बजाता. वेणु बिलकुल भी सुरीला नहीं था, लेकिन जी खोलकर गाता. मुझसे वह मन्नाडे का गाया 'पूछो न कैसे मैंने रैन बिताई' बार-बार सुनता. कुछ ख़ास बांगला रवीन्द्र-संगीत भी सुनता. ख़ासकर- 'हे नूतोन, देखा दिक आर बार जीबोनेर प्रथम शुभो क्षण.'

(क्रान्तिधर्मी कवि वेणु गोपाल को बेहद आत्मीयता से याद कर रहे हैं प्रसिद्ध कवि और प्रतिष्ठित मंच-संचालक आलोक भट्टाचार्य, जो वेणु गोपाल के साथ बरसों रहे हैं)

मेरे एक छोटे भाई और तीन छोटी बहनों का वह शिक्षक था- हिन्दी पढ़ाता था उन्हें. मेरा सहकर्मी था. मेरा प्यारा दोस्त था वह, जिसका मैं सम्मान करता था. 'था' लिखते-कहते हुए दुःख हो रहा है कि मेरा प्यार और सम्मान पाने के लिए अब वह नहीं रहा, जब तक मैं ज़िंदा हूँ, और सिर्फ मेरा ही क्यों, और सिर्फ हिन्दी जगत ही क्यों, समूचे साहित्य जगत का प्यार और सम्मान वह पाता रहेगा, जब तक भाषा ज़िंदा रहेगी और ज़िंदा रहेंगे बोलनेवाले, पढ़नेवाले, लिखनेवाले. वह था वेणुगोपाल- हिन्दी का क्रान्तिधर्मी कवि. हिन्दी कविता से प्यार करनेवाले लोग जिसे इस तरह गिनते हैं- कबीर- निराला- मुक्तिबोध- नागार्जुन- राजकमल- धूमिल और फिर वेणुगोपाल और आलोक धन्वा.

सन् साठ के दौरान हिन्दी को लगभग एक ही साथ जिन कई प्रगतिशील-जनवादी कवियों ने वैचारिक तौर पर आंदोलित किया, कविता में दलित-शोषित-सर्वहाराजन के दर्द को पूरी सच्चाई के साथ कहने के लिए कविता का शिल्प ही बदल दिया, कविता को नयी भाषा देकर ज़्यादा तीव्र, ज़्यादा ताक़तवर बनाया, कविता को आम जनता के लिए राजनीति समझने का पाठ बनाया, उनमें राजकमल, धूमिल, आलोक धन्वा के साथ प्रमुख कवि थे वेणुगोपाल, जो १ सितम्बर २००८, सोमवार को रात १० बजकर २० मिनट पर तमाम जनवादी-प्रगतिशील विचारधारा से जुड़े लोगों और मजदूरों-किसानों सहित इस चालाक और क्रूर व्यवस्था के शिकार तमाम आम जनों को अपना अन्तिम 'लाल सलाम' कह गए. पीछे छोड़ गए अपनी अद्भुत ताकतवर रचनाएँ, जो कमज़ोर और सताए जा रहे लोगों को पूंजीवादी साजिशों के ख़िलाफ़ लड़ते रहने की प्रेरणा और साहस देती रहेंगी. संघर्ष का रास्ता सुझायेंगी.

वेणुगोपाल मुझसे लगभग दस साल बड़े थे, लेकिन मैं उन्हें वेणु ही कहता. हम लगभग ३७-३८ वर्षों पहले मिले, आंध्र प्रदेश के तेलंगाना स्थित एक छोटे-से शहर सिरपुर-कागज़नगर में. १९७१-७२ का ज़माना. मैं १९-२० साल का था. कवितायें करने लगा था. सिरपुर-कागजनगर में कविता के लिए उपादान तो बहुत थे, कविता समझने वाला कोई नहीं था. वहाँ बहुत गरीबी थी, अशिक्षा थी. बहुत शोषण था. नंगी वर्ग-विषमता थी. बिड़ला का विशाल कागज़-कारखाना था. बिड़ला ने कालोनी बना रखी थी. अफ़सरों के लिए शानदार बंगलों की अलग कालोनी, क्लर्कों-बाबुओं के लिए क्वार्टरों के अलग मोहल्ले और मजदूरों के लिए दड़बानुमा एक कमरे के मकानों के अलग मोहल्ले. मोहल्ले विभाजित थे, सो उच्च, मध्य और निम्न वर्ग बिलकुल अलग पहचाने जाते थे. शोषण का आलम यह था कि रोज़ मजदूरों को आठ घंटों की मजदूरी ढाई रुपये मिलती थी, मजदूरिनों को सवा रुपये! यानी महीने में साढ़े सैंतीस रुपये!

ऐसे माहौल में मैंने कविता लिखना शुरू किया. बांग्ला और हिन्दी में कविता करने वाला वहाँ सिर्फ मैं था. कविता सुनने वाला कोई नहीं था. तभी वहाँ वेणुगोपाल आए, तेजराजेन्द्र सिंह आए. हैदराबाद से. हैदराबाद कागज़नगर से पाँच-छः घंटे पर पड़ता है. छोटी-सी जगह. ढाई-तीन हज़ार की बस्ती. सो हम लोगों को मिलते देर नहीं लगी. वेणु और तेज दोनों बिड़ला द्वारा संचालित हाई स्कूल में अध्यापक बनाकर आए थे. वेणु हिन्दी पढ़ाते, तेज विज्ञान. दोनों को पाकर मैंने मानो प्राण पाये. मुझसे मिलकर हैदराबाद छोड़ आने की उनकी भी उदासी दूर हो गयी. रोज़ शाम को मिलते. साहित्यिक बातें होतीं. कभी मैं सुनाता, कभी वेणु. तेज की रूचि समीक्षा में थी.

पहले वेणु की कवितायें छपनी शुरू हुईं. 'लहर' में. फिर मेरी भी छपने लगीं. 'साम्य' में विजय गुप्त ने मुझे और वेणु को ख़ूब छापा. वेणु की उन दिनों की कवितायें उसके पहले संग्रह 'वे हाथ होते हैं' में संकलित हैं. ये वे कवितायें हैं, जिन्हें कागज़नगर के एक कवि-सम्मलेन में सुनाने के बाद वहाँ के कुछ व्यापारी मारवाड़ियों ने कहा था- 'मारवाड़ी होकर तुम ऐसी कवितायें लिखते हो? ये कवितायें हैं क्या?'

कागज़नगर के हमारे उन दिनों की यादें वेणु ने अभी पिछले दिनों हैदराबाद से निकलने वाली पत्रिका 'गोलकोंडा दर्पण' में धारावाहिक छप रहे अपने संस्मरण 'कविता के पड़ाव' में बहुत शिद्दत से लिखीं. लेकिन वेणु 'कविता के पड़ाव' पूरा नहीं कर पाया. बीमारी की वजह से उसका लिखना लगभग दस-ग्यारह महीनों पहले ही बंद हो गया. मैंने फ़ोन किया, तो उस पार से उसकी आवाज सुनकर मैं डर गया. कमज़ोर-कांपती-थरथराती महीन-सी आवाज. जबकि वेणु की आवाज भारी और स्पष्ट हुआ करती थी.गूंजनेवाली. उसकी आवाज का कमाल हम सबने तब ख़ास देखा था, जब कागज़नगर के अपने स्कूल 'बाल विद्या मन्दिर' के बच्चों के साथ उसने मोहन राकेश के 'आषाढ़ का एक दिन' का मंचन किया था. वेणु ने कालिदास की भूमिका की थी. मेरा छोटा भाई तुषार मातुल बना था और मेरी छोटी बहन प्रतिमा प्रियंगुमंजरी. वेणु ने 'कविता के पड़ाव' में इसका जिक्र करते हुए लिखा है- 'मंचन के दौरान कई गलतियाँ हुईं, लेकिन तुषार और प्रतिमा ने मंजे हुए कलाकारों की तरह सब सम्भाला.' (गोलकोंडा दर्पण, पृष्ठ २८, अंक अक्टूबर २००७.).

मैं १९८१ में मुंबई आ गया. इसके पहले, यानी काफी पहले सन् १९७४-७५ में ही वेणु की नौकरी छूट चुकी थी. वह हैदराबाद चला गया था. बाद में एक बार नागपुर के एक कार्यक्रम में उससे मुलाक़ात हुई, और आख़िरी मुलाक़ात डोम्बीवली (ठाणे, महाराष्ट्र) में तब हुई जब वह किसी फिल्मी लेखन के सिलसिले में मुम्बई आया. उसने मुझे फ़ोन किया तो मैंने उसे डोम्बीवली बुला लिया. हम मिले. मैंने अपना घर उसे दिखाया. बहुत ख़ुश हुआ वह मेरी पत्नी रूना से मिलकर. मेरा घर, मेरी पत्नी, मेरा बच्चा, मेरी किताबें देख कर वह बहुत ख़ुश हुआ. फिर शाम को हम 'रंगोली' में बैठे. उसने बीयर पी. पंचमावस्था में हमने तीस साल पहले के वही फिल्मी गाने फिर गाये, जो हम कागजनगर में वेणु के घर रविवारों की दोपहरों में गाते थे- 'पूछो न कैसे मैंने रैन बिताई, 'कौन आया मेरे मन के द्वारे', 'लागी छूटे न अब तो सनम' और 'जीत ही लेंगे बाजी हम तुम'... तब वेणु घड़ा बजाता था, अब उसने टेबल बजाई.
वाकई वेणुगोपाल के लिए कविता करना बहुत कठिन था. वह मारवाड़ी था, ब्राह्मण, नन्दगोपाल शर्मा. पिता हैदराबाद के एक मन्दिर में पुजारी थे, वेतनभोगी. ख़ुद वेणु बिड़ला की नौकरी में. व्यवस्था के ख़िलाफ़ बेटे का एक शब्द बाप-बेटे दोनों की नौकरियाँ खा सकता था. बाद में वेणु की वह नौकरी गयी, कविता की वजह से नहीं, उसकी राजनीतिक गतिविधियों की वजह से.

फिर तीन साल के अंतराल के बाद हम 'गोलकोंडा दर्पण' के माध्यम से मिले. दोनों एक साथ छप रहे थे. हर अंक के बाद फ़ोन पर बातें होतीं. मैंने कहा- 'मुम्बई आओ.' तो बोला, 'डायबिटीज ने एक पाँव खा लिया. बीमार हूँ. नहीं आ सकता. तुम हैदराबाद आ जाओ.' मैं इस दशहरे यानी अक्टूबर २००८ को कागजनगर होते हुए हैदराबाद जाने की सोच रहा था कि २ सितम्बर २००८, मंगलवार की सुबह हैदराबाद से फ़ोन आ गया- 'वेणु नहीं रहे!.'

आठ महीने से वह कैंसर से पीड़ित था. इलाज चल रहा था. कई प्रांतीय सरकारों, ख़ासकर मध्यप्रदेश सरकार ने इलाज के लिए आर्थिक मदद दी, कई संस्थाओं ने भी, मैं समझ सकता हूँ, वेणु का स्वाभिमान न अपने बीमार-कमज़ोर हो जाने को ही मान पाता होगा, न ही सरकारों-संस्थाओं की मदद को, सो पैंसठ की अल्पायु में ही वह चल बसा.

दशहरे में जाऊंगा जरूर हैदराबाद, पुराना पुल स्थित उस शमशान में भी, जहाँ वेणु की राख पड़ी हुई है. बारह साल पहले जब हैदराबाद गया था तह वेणु, ओमप्रकाश निर्मल और शेषेन्द्र शर्मा ने मिलकर मेरे सम्मान में एक कवि-गोष्ठी की थी. आज ये तीनों नहीं हैं. मुझे जानने-पहचानने वाले वहाँ बहुत हैं, कवि-गोष्ठी करने वाले भी बहुत, लेकिन गोष्ठी में हिन्दी की श्रेष्ठ कविताओं का पाठ करने वाला वह वेणु अब नहीं मिलेगा. नहीं मिलेगा गोष्ठी में पढ़ी गयी किसी कठिन कविता को सरल भाषा में समझानेवाला वेणु...

-आलोक भट्टाचार्य
(संपर्क: ०९८६९६८०७९८ और ०९८२१४०००३१)

गुरुवार, 4 सितंबर 2008

क़ौम के ग़म में डिनर खाते हैं हुक्काम के साथ

'वेबदुनिया' से यह मसाला मैं ज्यों का त्यों उड़ा रहा हूँ. आप भी आनंद लीजिये. मुआफी चाहता हूँ कि कॉपी करते वक्त इसके संग्रहकर्ता का नाम कट गया. और अब बेहद ईमानदार कोशिश के बावजूद उनका नाम याद नहीं कर पा रहा हूँ. इरादा नेक है. और तबीयत दुरुस्त.

अब उन अनजाने दोस्त की लिखी भूमिका-

'हर शायर अपने हालात से मुतास्सिर होकर जब अपनी सोच और अपनी फ़िक्र को अल्फ़ाज़ का जामा पहनाता है तो वो तमाम हालात उसके कलाम में भी नुमायाँ होने लगते हैं। 1857 के इंक़िलाब के बाद जो हालात हिन्दुस्तान में रूनूमा हुए उनसे उस दौर का हर शायर मुतास्सिर हुआ। अकबर इलाहाबादी ने उन हालात का कुछ ज़्यादा ही असर लिया।

अपने मुल्क और अपनी तहज़ीब से उन्हें गहरा लगाव था। वो खुद अंग्रेज़ी पढ़े-लिखे थे और अंग्रेज़ों की नौकरी भी करते थे। लेकिन इंग्लिश तहज़ीब को पसन्द नहीं करते थे। उन्हें ऐसा महसूस होने लगा था कि अंग्रेज़ धीरे-धीरे हमारी ज़ुबान हमारी तहज़ीब और हमारे मज़हबी रुझानात को गुम कर देना चाहते हैं।

इंग्लिश कल्चर की मुखालिफ़त का उन्होंने एक अनोखा तरीक़ा निकाला। मुखालिफ़त की सारी बातें उन्होंने ज़राफ़त के अन्दाज़ में कहीं। उनकी बातें बज़ाहिर हंसी-मज़ाक़ की बातें होती थीं लेकिन ग़ौर करने पर दिल-ओ-दमाग़ पर गहरी चोट भी करती थीं।'

क़ौम के ग़म में डिनर खाते हैं हुक्काम के साथ
रंज लीडर को बहुत हैं मगर आराम के साथ

चार दिन की ज़िन्दगी है कोफ़्त से क्या फ़ाएदा
खा डबल रोटी, कलर्की कर, ख़ुशी से फूल जा

शौक़-ए-लैला-ए-सिविल सर्विस ने इस मजनून को
इतना दौड़ाया लंगोटी कर दिया पतलून को

अज़ीज़ान-ए-वतन को पहले ही से देता हूँ नोटिस
चुरट और चाय की आमद है, हुक़्क़ा पान जाता है

क़ाइम यही बूट और मोज़ा रखिए
दिल को मुशताक़-ए-मिस डिसोज़ा रखिए

रक़ीबों ने रपट लिखवाई है जा जा के थाने में
कि अकबर नाम लेता है ख़ुदा का इस ज़माने में

मज़हब ने पुकारा ऎ अकबर अल्लाह नहीं तो कुछ भी नहीं
यारों ने कहा ये क़ौल ग़लत, तन्खवाह नहीं तो कुछ भी नही

हम ऎसी कुल किताबें क़ाबिल-ए-ज़ब्ती समझते हैं
कि जिनको पढ़ के बेटे बाप को खब्ती समझते हैं

शेख जी घर से न निकले और मुझसे कह दिया
आप बी.ए. पास हैं तो बन्दा बी.बी. पास है

तहज़ीब-ए-मग़रबी में है बोसा तलक मुआफ़
इससे आगे बढ़े तो शरारत की बात है

ज़माना कह रहा है सब से फिर जा
न मस्जिद जा, न मन्दिर जा, न गिरजा

अंग्रेज़ों के खिलाफ़ लड़ाई लड़ने का ये भी एक तरीक़ा था। ये तो वो कलाम है जो छप कर अवाम के सामने आया। अकबर के कलाम का एक बड़ा ज़खीरा एसा भी है जो शाए नहीं हुआ है। शाए न होने की एक अहम वजह उसका सख्त होना भी है।

पका लें पीस कर दो रोटियाँ थोड़े से जौ लाना
हमारा क्या है ए भाई, न मिस्टर हैं न मौलाना


ग़ज़ल : अकबर इलाहाबादी

उन्हें शौक़-ए-इबादत भी है और गाने की आदत भी
निकलती हैं दुआऎं उनके मुंह से ठुमरियाँ होकर

तअल्लुक़ आशिक़-ओ-माशूक़ का तो लुत्फ़ रखता था
मज़े अब वो कहाँ बाक़ी रहे बीबी-मियाँ होकर

न थी मुतलक़ तवक्को बिल बनाकर पेश कर दोगे
मेरी जाँ लुट गया मैं तो तुम्हारा मेहमाँ होकर

हक़ीक़त में मैं एक बुल्बुल हूँ मगर चारे की ख्वाहिश में
बना हूँ मिम्बर-ए-कोंसिल यहाँ मिट्ठू मियाँ होकर

निकला करती है घर से ये कहकर तू तो मजनू है
सता रक्खा है मुझको सास ने लैला की माँ होकर.



उम्मीद है उस पेशकर्ता की पेशकश आपको पसंद आयी होगी. शुक्रिया!

शुक्रवार, 29 अगस्त 2008

बाढ़ से घिरे लोग

मैंने यह कविता १६ अगस्त १९९१ को (पुरानी दस्तयाब डायरी के मुताबिक़) भगवत रावत की कविता, जहाँ तक मेरी स्मृति है; 'गिद्ध' से 'बेहद' प्रभावित होकर अपने गाँव की बाढ़ को बार-बार भोगकर लिखी थी.

'कबाड़खाना' में केदारनाथ जी की कविता पढ़कर इसे खोजना पड़ा. कच्ची कविता समझकर मैंने अपनी कविता को स्वयं निरस्त कर दिया था. लेकिन अब देखता हूँ तो मुझे अपनी यह कविता काम की लगती है. आप सुधीजन हैं-

बाढ़ से घिरे लोग

बाढ़ से घिरे घरों की खपरैल पर
घर-गृहस्थी लेकर टंगे लोग जानते हैं-
कोई नहीं बचायेगा उनकी फसलें,
पानी में डूबते-उतराते ढोर-डंगर,
कोई नहीं मिटाएगा पेड़ों पर लगे बाढ़ के निशाँ
जब पेड़ ही बह गए तो कहाँ से कोई लगायेगा बाढ़ का अनुमान?

बाढ़ रह जायेगी अखबारों की सुर्खियों में
राहत रकम खो जायेगी काग़जात की मुरकियों में

लोग जानते हैं
और कूद पड़ते हैं उफनते पानी में
चलाते रहते हैं अपनी बाहें धारा के ख़िलाफ़
किनारा मिलने तक.

बुधवार, 23 जुलाई 2008

बाड़ रहे सो जला दिए साले

आज पेश-ए-खिदमत हैं दकन के मजाहिया शायर शमशेर कुंडागली के चंद अश'आर (एक मुशायरे में सुने थे दस साल पहले)


काम ख़ुद उन बुरा किए साले
नाम मेरा बता दिए साले

धुन में रम्मी की बीडियाँ पीको
मेरा बिस्तर जला दिए साले

गद्धे का पूं उने मुबारक भई
मेरा बाजा बजा दिए साले

खेत की देखभाल तो छोडो
बाड़ रहे सो जला दिए साले

नाम से रोशनी के क्या बोलूँ
मेरी कथडी जला दिए साले

मेड इन इंग्लैंड बोलको व्हिस्की
थू-थू देसी पिला दिए साले

मुर्गियां मेरी काटको खा गए
दाल मुझको खिला दिए साले

खुत्ते सब बस्ती के मुझे काटतईं
पीछे पुच्छा लगा दिए साले

(खिसियानी बिल्लियों के लिए खम्भा सादर समर्पित).

सोमवार, 21 जुलाई 2008

विश्वास मत: फ़िल्म की कहानी का अंत बता दूँ?



लोकसभा में २२ जुलाई २००८ का ड्रामा देखने का रोमांच ख़त्म हो गया है. दरअसल अगर जासूसी फ़िल्म की कहानी का अंत बता दिया जाए तो फ़िल्म क्या देखनी! लेकिन वह अंत बताने से पहले मैं अपने दिल की बात करना चाहूंगा

२० और २१ जुलाई को मैं ठाणे लोकसभा क्षेत्र में था. वहाँ मैंने घूम-घूम कर कई लोगों से बातचीत की. घोड़बन्दर रोड गया, भायंदर गया, मीरा रोड में थमा, ठाणे शहर में घूमा, कलवा गया, दिवा गया, कल्याण फिरा, मुम्ब्रा में तहकीकात करता रहा. एटमी करार के बारे में बात की, मंहगाई के बारे में पूछा. लोगों को एटमी डील के बारे में कुछ भी मालूम नहीं था, लेकिन मंहगाई के बारे में सबने शिकायत की. अलबत्ता मीरा रोड और मुम्ब्रा में किसी ने मुसलमानों को यह बता रखा था कि यह डील मुसलमानों के खिलाफ़ है क्योंकि बुश के साथ हो रही है. बुश कौन है, इस पर ज्यादातर लोगों ने चुप्पी साध रखी थी. इसका मतलब पता ही नहीं! (यहाँ स्पष्ट कर देना आवश्यक है कि मैंने जिन लोगों से बात की उनमें से ९०% लोग सड़क पर मिले.)

इस पर मैं लोगों में धंसा और मैंने लोगों से जानना चाहा कि क्या किसी राजनीतिक दल ने, उसके किसी भी स्तर के पदाधिकारी ने राय ली है कि लोकसभा में विश्वासमत के दौरान क्षेत्र का सांसद एटमी डील पर किस गठबंधन की तरफ मतदान करे? एनडीए समेत नए गठजोड़ की तरफ या यूपीए की तरफ? जवाब था कि इस बारे में वे लोग सिर्फ टीवी चैनलों में देख-सुन रहे हैं या अख़बारों में पढ़ रहे हैं.मैंने पूछा कि सांसद महोदय आपसे आख़िरी बार कब मिले थे या आपने आख़िरी बार कब उन्हें देखा था, तो जवाब मिला कि चुनाव के वक्त वोट माँगने वह कहीं-कहीं सचमुच पहुंचे थे. (चूंकि ठाणे लोकसभा चुनाव २ माह पहले ही हुआ है इसलिए यहाँ आप थोड़ी छूट दे सकते हैं. प्रकाश परांजपे के देहांत के बाद उनके सुपुत्र शिवसेना के सहानुभूति टिकट पर चुनाव जीते हैं).

मेरा कहना यह है कि जब सांसद वोट माँगने घर-घर जा सकते हैं तो एटमी डील जैसे गंभीर मुद्दे पर घर-घर से राय क्यों नहीं ले सकते? या अपने पदाधिकारियों से राय क्यों नहीं मंगा सकते? उसके बाद उन्हें अपना मन बनाने का पूरा अधिकार है. (कुछ आशंकाओं-कुशंकाओं सहित).
हम सभी जानते हैं कि हमारा सांसद चुन कर जब गया था तब मुद्दे कुछ और थे, विश्वासमत के दौरान मुद्दा कुछ और है. क्या एनडीए या यूपीए के सांसद अपने मतदाताओं से यह पूछना जरूरी नहीं समझते कि आख़िर एटमी डील पर वे क्या सोचते हैं? या फिर क्या ये सांसद यह समझते हैं कि उनके मतदाताओं की इतनी औकात है कि वे एटमी डील पर अपनी कोई राय दे सकें? जब ये लोग चुने गए थे तब एटमी डील मुद्दा नहीं था, ऐसे में क्या इनका अपने मतदाताओं से यह पूछना लाजिमी नहीं है कि इस मुद्दे पर वे क्या करें?

लोकसभा में चुन कर गए सांसदों को अपना मत बेचने का क्या अधिकार है? क्या इसका अर्थ यह न लगाया जाए कि चुन कर जाने के बाद उन्होंने अपने लाखों मतदाताओं को धर बेचा है? हो सकता है कि मन्दिर-मस्जिद और हिन्दू-मुस्लिम जैसे भावनात्मक मुद्दों पर सांसद चुन कर भेजने वाला मतदाता एटमी डील पर अपनी कुछ और राय रखता हो! ऐसे में नाकारा सांसदों को संसद से वापस बुलाने की जनता की पहल का विचार इन सौदेबाजों की नज़र में कितना निरर्थक है, यह सहज ही समझ में आता है.

और अब फ़िल्म का अंत...

मेरे एक दिल्ली स्थित सूत्र ने बताया है कि अजित सिंह और देवगौड़ा को यह सौदा करके बीएसपी खेमे में भेजा गया है कि तुम्हारे बेटे का मंत्री पद पक्का है, कल तक नाराज़ होने का अभिनय करो ताकि दुश्मन मुगालते में रहे. लेकिन इंतजाम इतना हो चुका है कि देवगौड़ा के बगैर भी मनमोहन सरकार नहीं गिरनेवाली.

अब तेल देखो और तेल की धार देखो. कल मिलेंगे ...शाम को!

मंगलवार, 1 जुलाई 2008

'खबरों' का सिलसिला लगातार 'ज़ारी' क्यों है?





हिन्दी समाचार चैनलों के टीवी एंकरों की भाषा पर काफी बातें कही-सुनी जा चुकी हैं लेकिन वे नहीं सुधरे। गुणीजनों की निगाहें नुक्तों और उच्चारण पर भी गयी हैं, लेकिन एक बात पर इनका भी ध्यान नहीं गया. बात एनडीटीवी, इंडिया टीवी, सहारा, आईबीएन ७ या इसी तरह के अन्य टीवी समाचार चैनलों की है. जिन चैनलों में कई दिनों से यह लाइन नहीं सुनी, पहले वे भी इसी रोग से ग्रस्त थे.


बरसों से देखता-सुनता आ रहा हूं और आप भी देख-सुन रहे होंगे। अक्सर ब्रेक लेने से पहले एंकर यह पंक्ति उचारता है-"'खबरों' का सिलसिला लगातार 'ज़ारी' है."

औरों की तरह मैं भी यह मानता हूं कि हिंदी टीवी समाचार चैनलों में भाषा के बड़े-बड़े जानकार बैठे हैं लेकिन किसी का ध्यान इतने वर्षों में इस दारुण चूक पर नहीं गया।
उपर्युक्त पंक्ति में तीन शब्द हैं सिलसिला, लगातार और जारी। देखने की बात यह है कि इन तीनों शब्दों में एक ही भाव अंतर्निहित है और वह है 'निरंतरता.' मतलब यह हुआ कि हम एक भाव और एक ही गतिविधि को तीन बार कहते जाते हैं. यह तो वही बात हो गयी जैसे कि कोई कहे- 'मैं अभी वापस लौटता हूं।'
इसमें वापस होने में ही लौटने का भाव निहित है. इसीलिये वापस लौटने का प्रयोग बेजा हो जाता है. ठीक इसी प्रकार ख़बरों का सिलसिला जारी रहने का प्रयोग गलत है.

इसमें 3 अलग-अलग वाक्य बनते हैं‌-
१) ख़बरों का सिलसिला बना रहेगा,
२) हम ख़बरें लगातार दिखाते रहेंगे और
३) ख़बरें जारी रहेंगी।
अगर चैनल वाले चाहें तो इन 3 अलग-अलग पंक्तियों से 3 चैनलों का काम चल सकता है. मैं ये पंक्तियां उन्हें मुफ्त में देने को तैयार हूं. आप लोग क्या कहते हैं?

रविवार, 29 जून 2008

उठाना है जो पत्थर इश्क़ का तो हल्का-भारी क्या- निदा फाज़ली





निदा फाज़ली उन बड़े शायरों में से हैं जिनके अश'आर लोगों की ज़ुबां पर रच-बस जाते हैं. यही बात आज के अधिकांश शायरों या हिन्दी कवियों के बारे में दावे से नहीं कही जा सकती. अपनी इस बात के समर्थन में मैं उनके कुछ शेर रखूंगा-


अपना ग़म लेके कहीं और न जाया जाए,
घर में बिखरी हुई चीज़ों को सजाया जाए.

घर से मस्जिद है बहुत दूर चलो यूँ कर लें,
किसी रोते हुए बच्चे को हंसाया जाए.


या

नक्शा उठा के कोई नया शहर ढूँढिये,
इस शहर में तो सबसे मुलाक़ात हो गयी.


ऐसे कई शेर हैं जिनका हवाला दे सकता हूँ लेकिन बात उनकी चंद नई और नायाब ग़ज़लों की है.

एक दौर था जब उस्तादों के यहाँ, मुशायरों या नशिस्तों में तरही गज़लें लिख-लिख कर शायर प्रशिक्षित हुआ करते थे. मसलन, बशीर बद्र साहब का वह मशहूर शेर- 'उजाले अपनी यादों के हमारे साथ रहने दो, न जाने किस गली में ज़िंदगी की शाम हो जाए' ; ऐसी ही एक नशिस्त के दरम्यान मिनटों में हो गया था.

निदा साहब के मामले में उलटा हो रहा है. अब वह ख़ुद एक उस्ताद शायर हैं लेकिन पिछले दिनों कई गज़लें उन्होंने दूसरों की ज़मीन पर कही हैं. यह बात और है कि ये सभी शायर उस्तादों के उस्ताद रहे हैं. निदा साहब ने जिन महान शायरों का इंतखाब किया है उनमें अमीर खुसरो, कबीर, कुली कुतुब शाह, नज़ीर अकबराबादी, मीर तकी मीर, मिर्जा ग़ालिब... सूची लम्बी है. चलिए बिना वक्त बरबाद किए निदा साहब की तीन ऐसी ही ग़ज़लें पढ़ी जाएँ:-

सबसे पहले अमीर खुसरो. खुसरो की एक ग़ज़ल का मत्तला है-

जो यार देखा नैन भर मन की गयी चिंता उतर
ऐसा नहीं कोई अजब राखे उसे समझाय कर.


अब इसी ज़मीन पर निदा साहब की ग़ज़ल-

मन्दिर भी था उसका पता, मस्जिद भी थी उसकी ख़बर
भटके इधर, अटके उधर, खोला नहीं अपना ही घर.

मेला लगा था हर जगह बनता रहा वो मसअला
कुछ ने कहा वो है इधर, कुछ ने कहा वो है उधर.

वो रूप था या रंग था हर पल जो मेरे संग था
मैंने कहा तू कौन है....उसने कहा तेरी नज़र.

कल रात कुछ ऐसा हुआ अब क्या कहें कैसा हुआ
मेरा बदन बिस्तर पे था, मैं चल रहा था चाँद पर.

अब कबीर दास. उनकी पंक्तियाँ हैं-

हमन हैं इश्क़ मस्ताना हमन को होशियारी क्या
रहे आज़ाद या जग में हमन दुनिया से यारी क्या.

और अब कबीर की ज़मीन पर निदा साहब की ये ग़ज़ल-

ये दिल कुटिया है संतों की यहाँ राजा-भिखारी क्या
वो हर दीदार में ज़रदार है, गोटा-किनारी क्या.

ये काटे से नहीं कटते ये बांटे से नहीं बंटते
नदी के पानियों के सामने आरी-कटारी क्या.

उसी के चलने-फिरने-हँसने-रोने की हैं तस्वीरें
घटा क्या, चाँद क्या, संगीत क्या, बाद-ए-बहारी क्या.

किसी घर के किसी बुझते हुए चूल्हे में ढूँढ उसको
जो चोटी और दाढ़ी में रहे वो दीनदारी क्या.

हमारा मीर जी से मुत्तफिक़ होना है नामुमकिन
उठाना है जो पत्थर इश्क़ का तो हल्का-भारी क्या.


...और आख़िर में पेश कर रहा हूँ नज़ीर अकबराबादी की ज़मीन पर निदा साहब की ये ग़ज़ल. नज़ीर का शेर है-

इस्लाम छोड़ कुफ़्र किया फिर किसी को क्या
जीवन था मेरा मैंने जिया फिर किसी को क्या.

और अब निदा साहब की ये ग़ज़ल नज़ीर की ज़मीन पर देखें-

जो भी किया, किया न किया, फिर किसी को क्या
ग़ालिब उधार लेके जिया फिर किसी को क्या.

उसके कई ठिकाने थे लेकिन जहाँ था मैं
उसको वहीं तलाश किया फिर किसी को क्या.

होगा वो देवता मेरे घर में तो साँप था
ख़तरा लगा तो मार दिया फिर किसी को क्या.

अल्ला अरब में, फ़ारसी वालों में वो ख़ुदा
मैंने जो माँ का नाम लिया फिर किसी को क्या.

दरिया के पार कुछ नहीं लिक्खा हुआ तो था
दरिया को फिर भी पार किया फिर किसी को क्या.


निदा साहब का ग़ज़लों की इस श्रृंखला पर कहना है-
'एनडीए की सरकार के दौरान इतिहास के कपबोर्ड से राजे-महाराजे निकाले गए, उन्हें राजनीतिक खिलौना बनाया गया. ऐसे में मैंने उन मूल्यों की तलाश की जो मूल्य राजनीति ने नष्ट करने की कोशिश की थी.
भारतीय संस्कृति ५००० साल से अधिक पुरानी है. इसमें जो मानव-मानव का रिश्ता, मानव-ईश्वर का रिश्ता बना उसे बीच के एजेंटों ने ख़राब किया है. इसे कलमबद्ध करने की कोशिश मैंने इन ग़ज़लों में की है और सियासत को मोहब्बत सिखाने का प्रयास किया है. खुसरो से लेकर कबीर, नज़ीर, मीर आदि के छंदों के जरिये आधुनिक युगबोध द्वारा उन मूल्यों को पकड़ने की कोशिश की है जो आदमी को आदमी से जोड़ते हैं, मिलाते हैं.

वैसे भी कविता-शायरी में आम आदमी और निम्न मध्य वर्ग की बात तो सभी करते हैं लेकिन ज़ुबाँ मध्यवर्ग या उच्च मध्य वर्ग की होती है. आम आदमी की ज़बान में खुसरो, कबीर, नज़ीर, मीर ने बात की है, आगे नागार्जुन, धूमिल, दुष्यंत कुमार ने बात की है, लेकिन अज्ञेय, मुक्तिबोध की भाषा आम आदमी की भाषा नहीं है. वह बात करने की कोशिश मैंने की है.
'

मेरी नई ग़ज़ल

 प्यारे दोस्तो, बुजुर्ग कह गए हैं कि हमेशा ग़ुस्से और आक्रोश में भरे रहना सेहत के लिए ठीक नहीं होता। इसीलिए आज पेश कर रहा हूं अपनी एक रोमांटि...